मौ.अरबाज
सम्भल (परिपाटी न्यूज़) थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी स्थित मोहल्ला चौधरियान निवासी अयूब पुत्र सगीर अहमद ने अपनी पुत्री मेहताब जहां की संदिग्ध मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अयूब के अनुसार, करीब सात माह पूर्व मेहताब जहां का निकाह सम्भल के रुकनुद्दीन सराय निवासी युवक से हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर मेहताब को प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़ित पिता का कहना है कि मृतका का पति पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। परिवार द्वारा किसी तरह दो लाख रुपये दिए गए, लेकिन शेष तीन लाख रुपये की व्यवस्था नहीं हो सकी। अयूब का आरोप है कि इसी को लेकर उनकी पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। मृतका के पिता ने पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाते हुए उसमें गड़बड़ी और हेरफेर की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि

पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वास्तविक तथ्यों को छिपाया गया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने शव का पोस्टमार्टम कराने के आदेश जारी किए। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में घटना के लगभग 40 दिन बाद सिरसी स्थित मोहल्ला चौधरियान के कब्रिस्तान में तहसील प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मेहताब जहां की कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया एवं पंचनामा भरने के बाद शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद मृतका के परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पुनः पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।