Spread the love

अनुराग त्यागी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)। बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुए हस्तिनापुर मार्ग पर यातायात व्यवस्था पटरी पर लौटने लगी है। करीब 52 दिनों से बंद चांदपुर से मेरठ के बीच रोडवेज बस सेवा सोमवार से दोबारा संचालित की जाएगी। बस सेवा शुरू होने से मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।गंगा नदी में बाढ़ आने के बाद हस्तिनापुर मार्ग का एक हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ था। इसके चलते रोडवेज बसों का संचालन रोक दिया गया था। सड़क की मरम्मत होने और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद अब परिवहन विभाग ने बस सेवा बहाल करने का फैसला लिया है।स्थानीय लोगों और ब्लॉक प्रमुख के प्रयासों से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई गई। पिछले करीब दस दिनों से इस मार्ग पर निजी वाहनों सहित अन्य वाहनों का आवागमन जारी है। मार्ग की स्थिति का जायजा लेने के बाद चांदपुर डिपो ने रोडवेज बस चलाने की

तैयारी पूरी कर ली है।स्टेशन प्रभारी राजकुमार सिंह के अनुसार, सुबह नौ बजे चांदपुर बस स्टैंड से मेरठ के लिए बस रवाना होगी। मेरठ से यही बस दोपहर करीब 12 बजे वापस चांदपुर के लिए चलेगी। बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को वैकल्पिक लंबे रास्तों से यात्रा करने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।यात्रियों की जरूरत को देखते हुए अमरोहा डिपो की ओर से भी इस मार्ग पर एक बस का संचालन किया जा रहा था। अब चांदपुर डिपो की बस सेवा शुरू होने से इस रूट पर परिवहन सुविधा और बेहतर होने की उम्मीद है।29 जुलाई को गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद पांडव नगर पुलिस चौकी के पास पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा था। बाढ़ के पानी के कारण सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद रोडवेज बसों का आवागमन रोक दिया गया था।गंगा नदी पर पुल और अप्रोच मार्ग बनने के बाद वर्ष 2021 से चांदपुर क्षेत्र को हस्तिनापुर और मेरठ से जोड़ने वाले इस रास्ते पर वाहनों का संचालन शुरू हुआ था। इसी वर्ष उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने चांदपुर से हस्तिनापुर और मेरठ के लिए रोडवेज बस सेवा प्रारंभ की थी। अब मार्ग की मरम्मत के बाद बस सेवा फिर शुरू होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

By विक्की जोशी

मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *