Spread the love

एसपी तंवर

बिजनौर (परिपाटी न्यूज)। जनपद बिजनौर में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिलेभर की ईदगाहों एवं मस्जिदों में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी तथा देश और प्रदेश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।ईद के अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बाजारों में सुबह से ही रौनक बनी रही। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घर पहुंचकर ईद की बधाई दी। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य लोगों द्वारा मिठाई वितरित कर लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रमुख चौराहों, बाजारों, ईदगाहों एवं मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई।प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कई स्थानों पर पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी जुटे दिखाई दिए।जनपदवासियों ने भी प्रशासन का पूरा सहयोग करते हुए भाईचारे और सामाजिक एकता का परिचय दिया। ईद के अवसर पर विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।प्रशासन की ओर से सभी नागरिकों से आगामी त्योहारों पर भी इसी प्रकार शांति, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। जिलेभर में दिनभर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम रही और ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *