रक्षक राजपूत
बिजनौर(परिपाटी न्यूज़)।स्वदेशी जागरण मंच, बिजनौर के तत्वावधान में नुमाइश मैदान में आयोजित स्वदेशी एवं उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन के अंतर्गत स्वदेशी मेला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 4 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में स्वदेशी उत्पादों की विभिन्न दुकानें लगाई गई हैं, जहां लोगों को देश में निर्मित उत्पादों को अपनाने और स्वदेशी उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मेले के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इनमें रंगोली, चित्रकला, एकल गीत और एकल नृत्य प्रमुख रहे। प्रतियोगिताओं के विषय ‘स्वदेशी अपनाओ’ और ‘पर्यावरण संरक्षण’ रखे गए, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए समाज को महत्वपूर्ण संदेश दिया। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख शिक्षण संस्थानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इनमें वर्धमान कॉलेज, डीपीसी बिजनौर, जीजीआईसी बिजनौर, जीईसी, आरबीडी कॉलेज, वीरा इंजीनियरिंग कॉलेज तथा आरआर पब्लिक स्कूल नूरपुर सहित अनेक विद्यालय एवं महाविद्यालय शामिल रहे। स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक प्रशांत महर्षि ने बताया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य बिजनौर के लोगों को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना तथा स्थानीय उद्यमिता एवं स्वदेशी व्यवसायों को प्रोत्साहित करना है। जिला संपर्क प्रमुख कौशल किशोर शर्मा ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की जा सकती है। मेले के सफल आयोजन में स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक अतुल वत्स, सह जिला संयोजक डॉ. सतीश त्यागी, निशा राजपूत, शिप्रा गर्ग, मधुमिता एवं प्रीतिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेले में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और स्वदेशी उत्पादों के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला।
