अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर के ढाली बाजार में बुधवार तड़के एक आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, ढाली बाजार स्थित आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर से बुधवार सुबह अचानक धुआं उठने लगा। धुआं देखकर एक व्यक्ति ने दुकान मालिक प्रमोद अग्रवाल को इसकी सूचना दी। इसके बाद दुकान मालिक ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नगर पालिका, टीम और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा आयुर्वेदिक सामान इसकी चपेट में आ गया।

आसपास की दुकानों तक आग पहुंचने की आशंका से बाजार में हड़कंप मच गया। दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। दुकान मालिक प्रमोद अग्रवाल के अनुसार, आग से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बाजार में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
