अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर थाना क्षेत्र में भाजपा के जिला मंत्री प्रभात यादव पर एक महिला डॉक्टर ने गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि भाजपा नेता ने महिला डॉक्टर को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और उनकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लीं। बाद में उन्हीं फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने और मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया गया है। मामले के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभात यादव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी दायित्वों से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है।पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2025 में उनके पति की मृत्यु हो गई

थी। पति की मौत के बाद रोहनिया गांव निवासी प्रभात यादव अपनी पत्नी के साथ मरीजों को लेकर उनके अस्पताल आने-जाने लगे। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी का महिला डॉक्टर के घर आना-जाना भी शुरू हो गया।महिला डॉक्टर का आरोप है कि एक दिन प्रभात यादव ने खाने-पीने की वस्तु में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर दिया। बेहोशी की हालत में आरोपी ने उनकी अश्लील फोटो और वीडियो बना लीं। आरोप है कि बाद में आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसे मांगे और लंबे समय तक मानसिक, शारीरिक तथा आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया।पीड़िता ने अपने और बच्चों की सुरक्षा की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की गुहार लगाई है। वहीं प्रभात यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।