चांदपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली व लोडर सीज
अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांदपुर पुलिस और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। रात्रि के समय हातमपुर शेख की भूड़ क्षेत्र में छापेमारी कर टीम ने मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर को मौके से पकड़कर सीज कर दिया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

उप निरीक्षक रोबिन सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन के अधिकारियों के साथ संयुक्त टीम गठित कर तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। टीम को देखकर खनन में लिप्त लोग मौके से फरार हो गए, जबकि खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर को कब्जे में ले लिया गया।
पकड़े गए वाहनों को पुलिस चौकी लाकर सीज की कार्रवाई की गई है और संबंधित धाराओं में अग्रिम कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगेगी। पुलिस व प्रशासन ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा की जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।