Spread the love

रोनिक गोयल

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)नहटौर। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं के बीच मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने हाथों पर सुंदर एवं आकर्षक डिजाइनों से मेहंदी सजाई। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में विभिन्न रंगों के माध्यम से मनमोहक रंगोलियां बनाकर अपनी कला का परिचय दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता बढ़ाना रहा। अभियान के अंतर्गत छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।


प्रतियोगिता में कक्षा 11 की कौशल, कक्षा 9 की काव्या, शाजिया, लवी, भूमि, बुशरा एवं नेहा, कक्षा 7 की इंशा तथा कक्षा 6 की अक्सा ने प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही उनमें आगे बढ़ने, आत्मविश्वास विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या बबीता रानी, शिक्षिकाएं शालिनी परवीन, स्वाति शर्मा एवं संध्या शर्मा मौजूद रहीं। नगर पालिका की ओर से सफाई प्रभारी शाहजेब आलम के साथ कपिल शर्मा, आदित्येंद्र सिंह, विशाल वर्मा, आशीष थौरिया, तालिब और शावेज सहित अन्य पालिका कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *