अजमल अंसारी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर पुलिस ने अंडे के पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला और फायरिंग करने के आरोपी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा और खोका कारतूस बरामद किया है। बिजनौर जिले के थाना चांदपुर अंतर्गत ग्राम जमालुद्दीनपुर निवासी सत्येन्द्र उर्फ छोटू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि गत 8 अक्टूबर को अंडे खाने के पैसे के विवाद को लेकर कुछ युवकों ने उसके व उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ग्राम दतियाना निवासी ऐलन पुत्र सुरेश ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया।

वादी सत्येन्द्र की शिकायत पर चांदपुर थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं (BNS एवं आर्म्स एक्ट) में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। 16 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक अजय कुमार, कांस्टेबल नितिन और रि०कां० आकाश की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ऐलन को गिरफ्तार कर लिया। अवैध तमंचा बरामद: पुलिस पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक खोका कारतूस 315 बोर बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
