Spread the love

“दूध में नशा देकर पति के हाथ पैर बांधे, शरीर को सिगरेट से दागा”

रिपोर्ट/जितेंद्र कुमार (परिपाटी न्यूज़)

स्योहारा ,बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) महिला ने पति-पत्नी के रिश्तों को शर्मसार करते हुए पहले दूध में नशा देकर पति के हाथ-पैर बांध दिए और पीटने के बाद सिगरेट से उसके शरीर को दागा। इतना ही नहीं आरोपी पत्नी ने चाकू से उसके प्राइवेट पार्ट को काटने का प्रयास किया। पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पत्नी के अत्याचारों से परेशान पति ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। थाना क्षेत्र के ग्राम चक महदूद सानी निवासी मन्नान जैदी पुत्र उसमान जैदी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 17 नवम्बर 2023 को प्रेम प्रसंग के चलते ग्राम शफियाबाद थाना स्योहारा निवासी स्व. खुर्शीद अहमद की पुत्री से हुई थी। शादी के बाद वह पत्नी की जिद पर अपने परिवार से अलग होकर किराए के मकान में रहने लगा। शादी के बाद उसे पता

चला कि उसकी पत्नी का चरित्र ठीक नहीं है। वह शराब, सिगरेट आदि का सेवन करती है। उसने ऐसा करने से मना किया तो वह उसके साथ झगड़ा करने लगी और उसे जान से मारने की कोशिश में लग गई। आरोप है कि 29 अप्रैल 2024 की रात को पत्नी ने दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। जब वह बदहवास हो गया तो उसने हाथ-पैर बांधकर उसे जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाया। जलती सिगरेट से उसके शरीर को कई जगहों पर दागा। इतना ही नहीं चाकू से उसका प्राइवेट पार्ट काटने का प्रयास भी किया। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
युवक का कहना है कि पत्नी उसे कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दे रही है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपी पत्नी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए कर्रवाई की गुहार लगाई है। सीसीटीवी फुटेज देखकर पुलिस हरकत में आई और तहरीर के आधार पर आरोपी महिला के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *