
रिपोर्ट- देवेश्वर धीमान/ परिपाटी न्यूज़ मीडिया बिजनौर
बिजनौर(परिपाटी न्यूज़)। बिजनौर में मंडावर चंदक मार्ग पर मंडावर के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। जिसमे गन्ने के ट्राले से बचाने के प्रयास में ट्रक और मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल बिजनौर की बस की आमने सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों में चीख पुकार मच गई।

घने करे के कारण हुआ हादसा
स्कूल बस में मौजूद एक अध्यापिका ने बताया कि आज सुबह बहुत अधिक घने कोहरे के कारण बस व ट्रक की आमने सामने की टक्कर हो गई। जिसमें अध्यापिका को भी गंभीर चोटे आई है। सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। मंडावर में चंदक रोड़ पर गांव रानीपुर के पास एक गन्ना क्रय केंद्र पर ट्राले को गन्ना भरने के लिए खड़ा किया जा रहा था। ट्राले को बचाते हुए बस चालक ने ओवरटेक किया तो वह बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस सामने से आ रहे गन्ने से भरे ट्रक में जा टकराई। जिसमे करीब 20 से 30 बच्चे घायल हो गए।

बस चालक की मौके पर मौत
हादसे में बस चालक थाना नांगलसोती के गांव झाल निवासी मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कटर से बस काटकर चालक का शव निकाला गया।
किसानों और राहगीरों ने बच्चों को निकाला
बस में सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई। खेतों में काम कर रहे किसानों और राहगीरों ने तुरंत बच्चों को बस से बाहर निकालना शुरू किया।
गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने एंबुलेंस व निजी वाहनों में घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
बच्चों से मिलने अस्पताल पहुंचे डीएम
डीएम अंकित अग्रवाल व एसपी नीरज कुमार जादौन समेत पुलिस के अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और बच्चों से बात की। हादसे की सूचना पर बच्चों के स्वजन भी पहुंच गए। डीएम ने बताया कि सभी घायल बच्चे खतरे से बाहर हैं। सभी के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हिरासत में ट्रक चालक
ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी का कहना है कि सड़क किनारे खड़े गन्ने के ट्राले को बचाने के प्रयास और कोहरे के चलते हादसा हुआ है। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।
कड़ी कार्रवाई का दिया शिव आश्वासन
पत्रकारों से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने बताया कि मामले की पूर्णतया निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा जरुरत पड़ने पर मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल बिजनौर की बसों की जांच भी की जाएगी तथा विद्यालय प्रबंधन को दंडित भी किया जा सकता है ।
ये हुए घायल
हादसे में गांव पुंडरीकला निवासी कनिका राजपूत, आर्यन, अनन्या चौहान, बुडगरा निवासी हिमानी व जीविका, शाहपुरी निवासी फैज, अफान, नौमान, परी, नांगल निवासी दीपिका, नित्या, तिमरपुर निवासी शिवांग, कामराजपुर निवासी फिजा, तिसोतरा निवासी देव व यश, सैदपुरी निवासी इशांक, सौफतपुर निवासी कपिल, मानपुर निवासी विशेष, आरूष घायल हुए हैं।