Spread the love

अवधेश कुमार मौर्य

सीतापुर (परिपाटी न्यूज़) सीतापुर। महोली कोतवाली क्षेत्र के उरदौली गांव में एक युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान उरदौली गांव निवासी रवि सक्सेना (30 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय अमर सिंह के रूप में हुई है।

गांव के मुकेश कुमार के मुताबिक, रवि रात में अपने कमरे में सोने गए थे। सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आए, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलकर देखा गया तो अंदर रवि का शव मफलर के फंदे के सहारे पंखे से लटका मिला। हैरानी की बात यह थी कि उनके दोनों पैर तखत को छू रहे थे। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पत्नी से विवाद के चलते आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रवि की पत्नी कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी और उनका पांच साल का एक बेटा है। सूचना मिलने पर महोली कोतवाली पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले को लेकर इंस्पेक्टर अपराध धीरज शुक्ला ने बताया कि पहली नजर में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *