मंडल स्तर के लिए हुआ चयन, विद्यालय में खुशी की लहर
रक्षक राजपूत
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)। जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं विज्ञान संगोष्ठी-2026 का आयोजन सी.डी. इंटर कॉलेज, हल्दौर, जनपद बिजनौर में किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य विषय “हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण” रहा।इस प्रतियोगिता में जनपद बिजनौर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल, बिजनौर की ओर से कक्षा 8 के जूनियर वर्ग में विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थी अरनव चौधरी एवं तानिष्क पाल ने प्रतिभाग किया। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। इस शानदार उपलब्धि के साथ ही मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल, बिजनौर ने मंडल स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।

अब विद्यालय के विद्यार्थी मंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जनपद बिजनौर का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि पर विद्यालय की डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. सीमा विश्वास ने दोनों विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच, नवाचार एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन एवं प्रतिभा का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। यह उपलब्धि डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. सीमा विश्वास एवं गाइड टीचर ज्योति शर्मा के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में विद्यालय के लिए गौरव का विषय बनी।
