Spread the love

रोनिक गोयल

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) नहटौर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर गुरुवार को नहटौर थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने नगरवासियों से सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि त्योहार हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी एकता के प्रतीक हैं। आगामी वाल्मीकि जयंती और दीपावली सहित सभी पर्वों को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रत्येक नागरिक एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करे और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करे।

उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के कोई वीडियो या भ्रामक जानकारी प्रसारित न करने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। बैठक में मौजूद गणमान्य नागरिकों ने भी नगर में आपसी सौहार्द बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अंकुश अग्रवाल, संजय शर्मा, कपिल शर्मा, विशाल शर्मा, सभासद इसरार अहमद, योगेश कुमार, वहाब कुरैशी, राजेश वाल्मीकि सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *