Spread the love

चौधरी अमरीक सिंह

मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज) जनपद के 52 परीक्षा केंद्रों पर 25 एवं 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर को 1,40,112 परीक्षार्थी देंगे परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए संबंधित विभागों को समय से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जा रही प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 को जनपद में सकुशल, नकलविहीन एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पंचायत भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी नगर श्री अंकुर श्रीवास्तव ने की। बैठक में परीक्षा के लिए तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ परीक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जनपद में 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर 2026 को कुल 52 परीक्षा केंद्रों पर 1,40,112 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा को आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा दिवस से पूर्व अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर लें। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सहित सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मानकों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को भी परीक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। परीक्षा में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आगमन को देखते हुए उनके सुगम आवागमन एवं सुविधाओं के संबंध में रेलवे तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ के दृष्टिगत परिवहन संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने तथा आवश्यकतानुसार समुचित प्रबंध करने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, परीक्षार्थियों को आवश्यकता पड़ने पर त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली गई। होटल संचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने सहित अन्य सुविधाओं के संबंध में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अपर जिलाधिकारी नगर ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्राओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अपने स्तर से आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें। बैठक में एसपी सिटी रणविजय सिंह ने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। जनपद के सभी 52 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रहेगा। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *