-सतवेन्दर सिंह गुजराल
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) बिजनौर। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और परीक्षा उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हल्दौर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में एमएसडब्ल्यू और एलएलबी पाठ्यक्रमों की हस्तलिखित नोट्स पुस्तकों का विमोचन किया गया। समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. प्रदीप दुबे ने पुस्तकों का विमोचन करते हुए इस पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। महाविद्यालय की ओर से तैयार कराई गईं इन पुस्तकों में पाठ्यक्रम से संबंधित विषयों को सरल, स्पष्ट और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत किया गया है। खास बात यह है कि पुस्तकें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि विद्यार्थी अपनी सुविधानुसार अध्ययन कर सकें। इनसे विद्यार्थियों को विषयों की समझ विकसित करने और परीक्षा की तैयारी में मदद मिलने की उम्मीद है। एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम की हस्तलिखित पुस्तक सुश्री रूबी शर्मा ने तैयार की है, जबकि एलएलबी पाठ्यक्रम की पुस्तक श्री धनराज और डॉ. योगेंद्र त्यागी के संयुक्त प्रयासों से तैयार की गई है।

पुस्तकों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अध्ययन सामग्री को सरल एवं उपयोगी बनाने का प्रयास किया गया है। एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम सामाजिक कार्य, जनकल्याण और समाज के वंचित वर्गों से जुड़े विषयों की समझ विकसित करता है। वहीं, एलएलबी के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून, संवैधानिक व्यवस्था और न्याय प्रणाली का ज्ञान प्राप्त होता है। ऐसे में दोनों पाठ्यक्रमों के लिए व्यवस्थित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन एवं प्रबंध समिति ने पुस्तक तैयार करने वाले लेखकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। संस्थान की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अध्ययन में सहूलियत प्रदान करने के साथ-साथ नियमित पढ़ाई और विषयों की बेहतर समझ के लिए प्रोत्साहित करना है।
