भोजपाल सिंह
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत सोमवार को नवीन पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण योजना, बलवा ड्रिल और दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने एंटी रायट गन, टियर गैस गन, पंप एक्शन गन और चिली ग्रेनेड के इस्तेमाल का अभ्यास किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के लिए दक्ष बनाना रहा। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला थाना और विभिन्न थानों के मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों की मौजूदगी में महिला पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन और उनके प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही विभिन्न परिस्थितियों में फायरिंग का अभ्यास भी कराया गया।प्रशिक्षण के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को बलवा नियंत्रण की विभिन्न प्रक्रियाओं, भीड़ को नियंत्रित करने के तरीकों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने उपकरणों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने पर जोर दिया।अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अशोक कुमार और महिला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से महिला पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
