सचिन कुमार
बिजनौर (परिपाटी न्यूज)।बिजनौर में महिला और पुरुष के शव मिलने की दो घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 15 सितंबर को जलालपुर काजी क्षेत्र में पति-पत्नी के शव मिलने के बाद अब 17 सितंबर, गुरुवार की सुबह गंज क्षेत्र में भी महिला और पुरुष के शव मिलने से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या यह महज संयोग है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बैराज पर कुछ अन्य व्यक्तियों की तलाश में गोताखोर जुटे हुए थे। इसी दौरान गोताखोरों को महिला और पुरुष के शव दिखाई दिए, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि दोनों शवों के बीच करीब 100 से 120 मीटर की दूरी थी। एक ही क्षेत्र में इतनी कम दूरी पर महिला और पुरुष के शव मिलने की सूचना से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।गौरतलब है

कि इससे पहले 15 सितंबर को जलालपुर काजी क्षेत्र में पति-पत्नी देशराज उर्फ छोटे और सुषमा के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले थे। उस घटना में भी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की थी। अब गंज क्षेत्र में भी महिला और पुरुष के शव मिलने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई कड़ी है? क्या यह महज संयोग है या दोनों मामलों के पीछे कोई समान परिस्थिति है? हालांकि, फिलहाल दोनों घटनाओं को आपस में जोड़ने वाला कोई आधिकारिक तथ्य सामने नहीं आया है।मृतकों की पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि दोनों शव किसके हैं और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल जलालपुर काजी की घटना के बाद गंज में भी महिला-पुरुष के शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं और लोगों की नजर अब पुलिस जांच तथा सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हुई है।
