Spread the love

पत्नी की गला दबाकर हत्या, पति ने फंदे से लटककर दी जान; गुलदार के हमले की आशंका निकली गलत


बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)। गांव जलालपुर काजी निवासी देशराज उर्फ छोटे (45) और उनकी पत्नी सुषमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार को देशराज का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला, जबकि सुषमा का शव गंगा किनारे पानी में गिरे एक पेड़ से दुपट्टे के सहारे बंधा हुआ मिला।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे देशराज उर्फ छोटे अपनी पत्नी सुषमा के साथ खेत पर चारा और लकड़ी काटने के लिए गया था। दोपहर बाद तक दोनों के घर वापस नहीं लौटने पर उनकी बेटी कामिनी ने छोटे भाई हनी को खेत पर भेजा। हनी ने खेत पर जाकर तलाश की, लेकिन वहां उसे माता-पिता नहीं मिले। खेत के पास चकरोड पर दोनों की चप्पलें पड़ी मिलीं। इसके अलावा आसपास खून के निशान भी दिखाई दिए। यह देखकर हनी घबरा गया और घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र होकर गंगा खादर स्थित खेतों में पहुंचे। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि दंपती को गुलदार उठाकर ले गया होगा। इसके बाद वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर तलाश शुरू की। सोमवार देर शाम तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका।

मंगलवार सुबह तलाश के दौरान सुषमा का शव गंगा के पानी में गिरे पेड़ से दुपट्टे के सहारे बंधा मिला। शव अर्द्धनग्न अवस्था में बताया जा रहा है। वहीं, करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक पेड़ पर देशराज का शव फंदे पर लटका मिला। देशराज के कपड़े मौके पर नहीं मिले और उसके शरीर पर पत्नी की सलवार मिली।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक दंपती अपने पीछे दो बेटियों और दो बेटों को छोड़ गए हैं। मंगलवार शाम डीआईजी मुनीराज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से मामले की जानकारी ली और जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

By विक्की जोशी

मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *