भोजपाल सिंह
संभल (परिपाटी न्यूज़)संभल। थाना हयातनगर क्षेत्र के चामुंडा मंदिर के पास शनिवार को वाटर कूलर को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक पर कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला हयातनगर निवासी मोहित ने अपनी बहन की शादी के लिए स्थानीय युवक सोनू से किराये पर वाटर कूलर मंगवाए थे। शादी समारोह के बाद एक वाटर कूलर के न मिलने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया

और मामला मारपीट तक पहुंच गया।घायल मोहित का आरोप है कि विवाद के दौरान सोनू ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल संभल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह घटना शनिवार, 30 मई को लगभग सुबह 11:30 बजे की बताई जा रही है।