आशु तोमर
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)नजीबाबादसोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है। नजीबाबाद तहसील के समीपुर स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद देशवाल को एक कथित झोलाछाप डॉक्टर से ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद किया गया है। वीडियो के सामने आने के बाद बिजनौर की जिलाधिकारी (DM) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।वायरल वीडियो में नोडल अफसर डॉ. प्रमोद देशवाल एक झोलाछाप डॉक्टर से अवैध वसूली करते हुए स्पष्ट नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह शिकायतकर्ता पर नाराजगी जताते हुए यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि “तेरे

पास तीन-तीन चक्कर लगाने पड़ते हैं।” इस बातचीत से साफ जाहिर होता है कि क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई न करने के बदले नियमित रूप से अवैध उगाही की जा रही थी।जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिला प्रशासन हरकत में आ गया। बिजनौर की जिलाधिकारी ने भ्रष्टाचार के इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने आरोपी डॉ. प्रमोद देशवाल को समीपुर स्वास्थ्य केंद्र से हटाते हुए विभागीय और प्रशासनिक जांच के कड़े निर्देश जारी किए हैं।