Spread the love

अवधेश कुमार मौर्य

सीतापुर (परिपाटी न्यूज़) सिधौली (सीतापुर)। सिधौली थाना क्षेत्र के तहसील चौराहे के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 32 वर्षीय रेलवे कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नरोत्तम नगर उत्तरी निवासी प्रेमसागर पाल उर्फ पिंटू (पुत्र पुत्तन) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमसागर पाल रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में ट्रॉलीमैन के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह करीब 7:00 बजे वह घर से सिधौली रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान तहसील चौराहे के पास नेशनल हाईवे पार करते समय लखनऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मारुति सुजुकी कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमसागर कार में फंस गए और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। रेलवे स्टेशन के सामने जाकर वह कार से अलग हुए, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि हादसे के कुछ ही दूरी पर तकनीकी खराबी आने के कारण कार भी रुक गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सिधौली पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी वहां पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *