Spread the love

‎मुकुट यादव
‎
‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा में डिलीवरी बॉय बनकर रहने वाले तीन युवकों को रजपुरा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिल, उनके कटे हुए पार्ट्स, तीन इंजन और बाइक काटने में इस्तेमाल होने वाली ग्राइंडर मशीन बरामद की है। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन, एएसपी दक्षिण मनोज कुमार रावत और सीओ गुन्नौर अंकित मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी संदीप चौधरी की टीम ने सोमवार को अनूपशहर रोड से गवां जाने वाले रास्ते पर बिजलीघर के पास चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में प्रमोद निवासी शेरपुर, अमित निवासी बगडेर का घेर और नीरज मिस्त्री निवासी भिरावटी थाना धनारी शामिल हैं।

तीनों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में ब्लिंकिट, रैपिडो और अमेजन में डिलीवरी बॉय का काम करते थे। इसी दौरान मौका पाकर मोटरसाइकिल चोरी करते और उन्हें गवां व आसपास के क्षेत्रों में लाकर सस्ते दामों पर बेच देते थे। कुछ बाइक नीरज को बेच दी जाती थीं, जिन्हें वह काटकर उनके पुर्जे अलग-अलग बेचता था। इससे मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। गिरोह के दो अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं। बरामद 12 बाइकों में नौ स्प्लेंडर, एक होंडा साइन, एक टीवीएस राइडर और एक हीरो डीलक्स शामिल हैं। इसके अलावा दो नंबर प्लेट, दो साइलेंसर, दो हैंडल, दो रिम, दो बैटरी, दो सीट, पांच शॉकर रॉड और तीन इंजन बरामद हुए हैं। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 256/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *