Spread the love

‎मोहम्मद इमरान
‎
‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जनपद सम्भल पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत सोमवार को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने थाना क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित शिकायतों के निस्तारण के बारे में जानकारी दी।पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस की सहायता लें।

इसके अलावा एंटी रोमियो टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर पंपलेट वितरित किए। इन पंपलेट के माध्यम से महिलाओं को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।पुलिस टीमों ने वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया। मोबाइल पर पैनिक बटन और आपातकालीन कॉल की सुविधा का डेमो देकर भी जागरूक किया गया। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *