Spread the love

‎भोजपाल सिंह
‎
‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) बहजोई।किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने और कृषि कार्यों को आसान बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में ई-लॉटरी के माध्यम से 11 लाभार्थी किसानों का चयन किया गया। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गठित जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति (डीएलईसी) की उपस्थिति में चयन प्रक्रिया पूरी की गई। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराई गई। कृषि विभाग की ओर से सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन और प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान देने के लिए ई-लॉटरी आयोजित की गई। इसमें सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्रों के लिए आठ किसानों का चयन हुआ।

वहीं फसल अवशेष प्रबंधन के आधुनिक कृषि यंत्रों के लिए दो किसानों को चुना गया। इसके अलावा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत एक किसान का चयन किया गया। इस तरह तीनों योजनाओं में कुल 11 किसान लाभार्थी चुने गए।चयनित किसानों को कृषि यंत्र खरीदने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसान कृषि विभाग के upyantratracking.in पोर्टल पर पंजीकृत निर्माताओं और विक्रेताओं से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कृषि यंत्र खरीदें। खरीदारी के बाद निर्धारित समयावधि में संबंधित बिल विभागीय पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। किसानों को कृषि यंत्रीकरण शासनादेश के तहत अनुदान प्राप्त करने के नियमों और शर्तों से भी अवगत कराया गया।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में चयन प्रक्रिया सम्पन्न हुई। डिप्टी कलेक्टर बहजोई अभिमन्यु कुमार सहित ई-लॉटरी में आवेदन करने वाले किसान भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *