विजेन्द्र सिंह सैनी
हरिद्वार( परिपाटी न्यूज़) ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा को लेकर एक बार फिर रोडवेज बस संचालन की मांग उठने लगी है। रोशनाबाद से बहादराबाद, रोहालकी, अहमदपुर ग्रांट और सहदेवपुर सहित आसपास के गांवों के लिए कई वर्ष पहले उत्तराखंड रोडवेज की बस संचालित होती थी, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलती थी। लेकिन कुछ समय बाद यह बस सेवा बंद कर दी गई। इसके बाद से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि रोशनाबाद से बहादराबाद, रोहालकी, अहमदपुर ग्रंट, सहदेवपुर, बोड़ाहेड़ी, कासमपुर, अलावलपुर, ऐथल, बसेड़ी होते हुए लक्सर तक नियमित रोडवेज बस सेवा शुरू की जाए। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, महिलाएं, बुजुर्ग और व्यापारी आवागमन करते हैं। रोडवेज बस नहीं चलने के कारण लोगों को निजी वाहनों और अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार समय पर वाहन नहीं मिलने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब कई वर्ष पहले इस मार्ग पर रोडवेज बस चलती थी, तब लोगों को हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने में काफी सहूलियत रहती थी। अब जरूरत है कि परिवहन विभाग पुराने बस रूट को दोबारा शुरू कर ग्रामीणों को राहत प्रदान करे। ग्रामीणों ने उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों, जिलाधिकारी हरिद्वार एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस मार्ग का सर्वे कराया जाए और सुबह-शाम नियमित रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया जाए।छात्र-छात्राओं को मिलेगी राहत: गांवों से हरिद्वार, बहादराबाद और आसपास के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने जाने वाले छात्र-छात्राओं को नियमित बस सेवा मिलने से समय पर स्कूल-कॉलेज पहुंचने में सुविधा होगी। उन्हें रोजाना निजी वाहनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और अभिभावकों की भी बच्चों को लेकर चिंता कम होगी।गांवों में रहने वाले बुजुर्गों को अस्पताल, बैंक, तहसील और अन्य सरकारी कार्यालयों में आने-जाने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। रोडवेज बस सेवा शुरू होने से उन्हें कम किराये में सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा और दूसरों पर निर्भरता भी कम होगी।
