Spread the love

रक्षक राजपूत

बिजनौर(परिपाटी न्यूज़) मंडावर। बालावाली मार्ग पर ग्राम खिरनी के सामने शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे बजरी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 40 वर्षीय महिला रानी पत्नी नरेश प्रजापति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली का नंबर यूपी 20 बीएल 9038 बताया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल महिला को निजी वाहन से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मंडावर-बालावाली मार्ग पर रेत, बजरी, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खुलेआम दौड़ रही हैं।

आरोप है कि कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का इस्तेमाल धड़ल्ले से व्यावसायिक परिवहन में किया जा रहा है। क्षमता से अधिक भार लेकर दौड़ने वाले ये वाहन सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं।आज महिला हादसे का शिकार हुई, कल किसी और की जान जा सकती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की कथित ढिलाई पर सवाल उठ रहे हैं। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी और जाम जैसी स्थिति भी बनी रही। मंडावर-बालावाली मार्ग पर दौड़ रही ओवरलोड और व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल हो रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जरूरत है, ताकि सड़कें हादसों का अड्डा बनने से बच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *