Spread the love

शिव कुमार

संभल (परिपाटी न्यूज़) जे.पी. गर्ल्स इंटर कॉलेज, असमोली में गुरुवार को भारत के महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्मदिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को डॉ. कलाम के जीवन, संघर्ष, शिक्षा, वैज्ञानिक उपलब्धियों और देश के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद मुनीस ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में हुआ था। उनका पूरा नाम अवुल पकिर जैनुलाब्दीन अब्दुल कलाम था। वे महान वैज्ञानिक, शिक्षक और लेखक होने के साथ-साथ भारत के 11वें राष्ट्रपति भी रहे। देश के मिसाइल कार्यक्रम में उनके महत्वपूर्ण योगदान के कारण उन्हें ‘मिसाइल मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता है।

प्रधानाचार्य ने छात्राओं को डॉ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने और शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और लगन के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को देश के महान वैज्ञानिक के विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से परिचित कराया गया।समस्त स्टाफ विनोद कुमार तुषार कुमार मनी कुमारी नाजिया परवीन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *