Spread the love

देवेश्वर धीमान

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) जसजीत कौर की अध्यक्षता में सोमवार शाम 4 बजे सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एनआरएलएम, उद्योग विभाग तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की प्रगति पर चर्चा की गई। सीएम डैशबोर्ड पर डी रैंक मिलने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को पूरी गंभीरता के साथ काम कर रैंक सुधारने के निर्देश दिए गए। उद्योग विभाग की लगातार गिरती स्थिति पर विशेष असंतोष व्यक्त करते हुए ओडीओपी सहित अन्य बिंदुओं पर तेजी से प्रगति सुनिश्चित करने तथा उच्चाधिकारियों से समन्वय कर अपेक्षित सुधार लाने को कहा गया। वन विभाग को बिना अनुमति हरे पेड़ों और बागों की कटान करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों से कहा गया कि वे निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें और जिले को सीएम डैशबोर्ड में शीर्ष दस में लाने के लिए विशेष रणनीति के साथ काम करें। प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने, योजनाओं के क्रियान्वयन पर ध्यान देने तथा

पोर्टल पर डाटा अपलोड करने से पहले उसकी गहन जांच करने को अनिवार्य बताया गया, क्योंकि इसकी समीक्षा उच्च स्तर पर की जाती है। ई-ऑफिस प्रणाली की नियमित निगरानी का उल्लेख करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिकतम कार्य इसी व्यवस्था के अंतर्गत निस्तारित किए जाएं, क्योंकि आगे सभी शासकीय प्रक्रियाएं इसी माध्यम से संचालित होंगी। बैठक में विभिन्न विभागों—परिवहन, जीएसटी, ऊर्जा, उद्यान, कृषि, ग्राम्य विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, दुग्ध विकास, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पंचायती राज, जल निगम, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन, शिक्षा, पशुधन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, मत्स्य, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, कौशल विकास, श्रम, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, समाज कल्याण, सहकारिता, सिंचाई, आपदा प्रबंधन आदि—की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया गया कि शासन के लक्ष्य के अनुरूप निरंतर प्रगति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और रैंक किसी भी स्थिति में नीचे नहीं जानी चाहिए। बैठक में रणविजय सिंह, दिनकर भारती, रिज़वान अहमद, लक्ष्मी देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *