देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)| जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देशों के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार अपराह्न 3:30 बजे जनपद के चकबंदी प्रक्रियाधीन सभी ग्रामों की क्रमवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने चकबंदी कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने पर जोर देते हुए एसओसी चकबंदी एवं

तहसीलदारों को निर्देशित किया कि कब्जा परिवर्तन एवं अवैध कब्जों से संबंधित प्रकरणों में संयुक्त टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा अवैध कब्जों को शीघ्र कब्जा मुक्त कराया जाए, जिससे चकबंदी कार्य में आवश्यक तेजी लाई जा सके। उन्होंने सभी चकबंदी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी कार्य समयबद्धता एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाएं। एडीएम अंशिका दीक्षित ने एसओसी चकबंदी को निर्देशित किया कि सभी सीओ, एसीओ एवं कानूनगो के कार्यों की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जाए तथा जहां भी लापरवाही सामने आए, वहां संबंधित के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन स्तर से चकबंदी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाती है, ऐसे में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में एसओसी चकबंदी संजय कुमार शर्मा सहित सभी चकबंदी अधिकारी, एसीओ, कानूनगो एवं लेखपाल उपस्थित रहे।