Spread the love

मुनेश चन्द शर्मा।

बिजनौर (परिपाटी न्यूज) जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर ने जिला सेवा योजन अधिकारी को निर्देशित किया कि व्यवसायिक शिक्षण संस्थानों, कारखानों एवं औद्योगिक आस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में आसानी के साथ ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को पूरा करने के लिए राइट अप तैयार कर आईटीआई, पॉलिटेक्निक, व्यावसायिक शिक्षण संस्थान कारखाने तथा औद्योगिक स्थानों में वितरित करना सुनिश्चित करें, ताकि रोजगार के इच्छुक युवा एवं विभिन्न हुनरों के श्रमिक सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण करा कर रोजगार प्राप्त कर सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी एवं प्राइवेट संस्थान भी मेन पावर्स की आवश्यकता की पूर्ति के लिए उक्त पोर्टल पर पंजीकरण कराएं ताकि जिले के बेरोजगारों को ज्यादा से ज्यादा फायदा मिल सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए की विभागीय अधिकारी अपने विभाग से संबंधित शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों में विशेष उपलब्धियां प्राप्त होने पर उसका प्रचार प्रसार करना भी सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी श्रीमती कौर आज कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में दोपहर 12:30 बजे आयोजित उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के उद्देश्य की पूर्ति के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दे रही थीं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन योजना शुरू की गई है। इस मिशन के तहत, राज्य सरकार विभिन्न उद्योगों और कंपनियों के साथ साझेदारी कर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने रोजगार मिशन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं को उनके जिले में ही रोजगार के अवसर प्रदान करना, युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुसार कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना, एक वर्ष में देश में एक लाख और विदेशों में 25 से 30 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना, स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना, रोजगार के अवसर बढ़ाना, कौशल विकास तथा स्व रोजगार के अवसरों का सृजन करना शामिल है। उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत प्रदेश एवं जिला स्तर पर बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उनके जिले में ही प्राप्त होंगे, जिससे जिले के शहरी एवं ग्रामीण विकास को एक नई दशा प्राप्त होगी। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए दिनकर भारती, उप कृषि निदेशक डॉ घनश्याम वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी, उपयुक्त उद्योग, उपयुक्त मनरेगा, सहायक श्रम आयुक्त सहित अन्य विभागों के अधिकारी, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य एवं प्रतिनिधि मौजूद थे।

By Rahul Tomer

C.E.O(IT Dept.) Paripati News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *