Spread the love

14 दंपतियों के विवादों की हुई सुनवाई,काउंसलरों ने समझाकर दूर किए मनमुटाव

मुकुट यादव

सम्भल।(परिपाटी न्यूज़) पति-पत्नी के बीच आपसी विवादों को बातचीत और समझौते के माध्यम से सुलझाने के उद्देश्य से बुधवार को चंदौसी स्थित पिंक चौकी में पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष डॉ. रुकमपाल सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में काउंसलरों ने दंपतियों की समस्याएं सुनीं और आपसी सहमति से विवाद समाप्त कराने का प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत और क्षेत्राधिकारी यातायात स्तुति सिंह के पर्यवेक्षण में यह बैठक आयोजित की गई। इसमें पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवादों से संबंधित कुल 14 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई।काउंसलरों ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी और उन्हें आपसी मतभेद भुलाकर परिवार बचाने के लिए समझाया।

बैठक के दौरान पांच पत्रावलियों का निस्तारण किया गया। इनमें तीन परिवारों के बीच समझौता कराकर पति-पत्नी को दोबारा साथ रहने के लिए राजी किया गया। वहीं दो अन्य मामलों में आवेदकों की ओर से पैरवी नहीं किए जाने तथा अन्य कारणों के चलते पत्रावलियों को बंद कर दिया गया।परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से टूटते रिश्तों को बचाने और परिवारों में फिर से खुशियां लौटाने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में काउंसलर श्वेता गुप्ता, पूनम अरोरा,उपनिरीक्षक महेश गंगवार, हेड कांस्टेबल मनोहर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *