गन्ने का भाव 550 रुपये प्रति क्विंटल करो, किसानों के बिजली बिल माफ करो हरीश रावत किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का तहसील में धरना-प्रदर्शन
गुरप्रीत सिंह
हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने लक्सर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार से किसानों के गन्ने का मूल्य 550 रुपये प्रति क्विंटल शीघ्र घोषित करने, किसानों के बिजली बिल माफ करने और किसानों की अन्य समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।आपको बता दें कि लक्सर तहसील में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसान लगातार महंगाई, खेती की बढ़ती लागत और विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना बेहद जरूरी है।

उन्होंने मांग की कि गन्ने का मूल्य 550 रुपये प्रति क्विंटल जल्द घोषित किया जाए और किसानों के बिजली बिल माफ किए जाएं। इस प्रदर्शन में हरिद्वार लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, कलियर विधायक फुरकान अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, संदीप चौधरी, सत्यवीर चौधरी, लक्सर के पूर्व विधायक तसलीम अहमद, जिला पंचायत सदस्य संजय सैनी, नगर अध्यक्ष भगत सिंह, मनोज वर्मा और फिरोज सिद्दीकी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार से जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की। नेताओं का कहना था कि किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जब तक किसानों को उनका उचित हक नहीं मिलता, तब तक उनकी आवाज उठाई जाती रहेगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि किसानों के गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी और बिजली बिल माफी की मांग पर प्रदेश सरकार कब तक कोई निर्णय लेती है। फिलहाल लक्सर तहसील में हुए इस धरना-प्रदर्शन ने किसानों के मुद्दों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
