विशाल कुमार
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़) कांठ। कांठ क्षेत्र के एक युवक की लखनऊ में सड़क हादसे के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, कांठ निवासी पंकज पिकअप गाड़ी में सामान लेकर लखनऊ जा रहा था। इसी दौरान लखनऊ में एक अज्ञात वाहन ने उसकी पिकअप गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर उसे तत्काल लखनऊ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पंकज की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। पिता दीवान जी से मिली जानकारी के अनुसार पंकज उनका इकलौता पुत्र था। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक की मौत से क्षेत्र में भी शोक की लहर है। परिवार के लोगों और परिचितों में इस घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।
