अजमल अंसारी
बिजनौर ( परिपाटी न्यूज़ ) चांदपुर , विधानसभा क्षेत्र चांदपुर-23 के ग्राम जलीलपुर ब्लॉक में राष्ट्रीय लोक दल संभावित भावी प्रत्याशी अंकुल चौधरी द्वारा बूथ सशक्तीकरण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंकुल चौधरी ने ग्रामवासियों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक संगठन की मजबूती के साथ क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए। अंकुल चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और खेल जीवन में सफलता की मजबूत नींव हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। मेहनत और प्रतिभा के दम पर खिलाड़ी अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, अच्छी शिक्षा और सकारात्मक सोच ही उज्ज्वल भविष्य का रास्ता तैयार करती है। बैठक में अंकुल चौधरी ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि मीरापुर और सलेमपुर में बनाए गए सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की तैनाती और नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। अस्पतालों की हालत भी जर्जर होती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी अस्पतालों का निर्माण कराया गया है तो वहां डॉक्टर क्यों नहीं बैठते? उन्होंने कहा कि अस्पतालों की स्थिति और सरकारी खर्च का पूरा ब्यौरा आरटीआई के माध्यम से मांगा जाएगा। साथ ही मीडिया के जरिए सरकार से दोनों अस्पतालों को जल्द चालू कराने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने जलीलपुर ब्लॉक में वर्षों से स्वामी विवेकानंद खेल मैदान के नाम से चिन्हित करीब 100 बीघा जमीन पर मिनी स्टेडियम बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मैदान पर बोर्ड लगा होने के बावजूद युवाओं को खेल सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। यदि यहां मिनी स्टेडियम बनाया जाए तो क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर पर मजबूत टीम, आपसी तालमेल और जनसंपर्क से ही संगठन को मजबूती मिलेगी। बैठक की अध्यक्षता श्रवण कुमार ने की, जबकि सफल संचालन इरशाद भाई ने किया। इस मौके पर महेश भैया, वीरेंद्र कश्यप, धर्मवीर सैनी, सुरेंद्र नाथ, डम्पी, सीटू चौधरी, मोहित कोहली, अरुण कोहली, मोहित भड़ाना, योगेंद्र काकरान, नाथू सिंह, सोनू चिकारा, विक्रांत चिकारा, ललित कुमार, सुमित कुमार, मलकीत सरदार, बलजीत सरदार, डॉ. निरवीर सिंह, शादाब खान, मोहम्मद अजहर और नदीम अहमद सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
