अभिषेक पाण्डेय
लखीमपुर खीरी (परिपाटी न्यूज़) जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी और नकबजनी के दो मामलों में पिछले छह महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय अपराधी राधामोहन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कुल 37 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राधामोहन वर्मा (52) पुत्र स्वर्गीय हरिशंकर वर्मा, निवासी बड़ा गांव, थाना महोली, जनपद सीतापुर है। आरोपी बेहजम पुलिस चौकी के पास ओम गिरी के मकान में हुई चोरी तथा बेहजम क्षेत्र के बछेपारा गांव निवासी विजय दीक्षित के घर हुई चोरी के मामलों में वांछित चल रहा था। दोनों मामलों में नीमगांव थाने में चोरी और नकबजनी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। विद्यालय के सामने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार पुलिस के मुताबिक, बुधवार को नीमगांव पुलिस टीम ने जम्हौरा गांव स्थित माध्यमिक विद्यालय के सामने सड़क पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले छह महीने से पुलिस की गिरफ्तारी से बच रहा था।

उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। कई जनपदों में दर्ज हैं 37 मुकदमे पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राधामोहन वर्मा के खिलाफ सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, बरेली, लखनऊ और कन्नौज समेत कई जनपदों में कुल 37 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, नकबजनी, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस ने उसे अंतरजनपदीय अपराधी बताया है। एसएसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी मितौली के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष नीमगांव प्रवीण गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रवीण गौतम, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, हेड कांस्टेबल निसार अहमद और कांस्टेबल सुग्रीव गंगवार शामिल रहे। नीमगांव पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
