आशु तोमर
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) नजीबाबाद।मंडावली क्षेत्र के अंतर्गत कोटद्वार मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटद्वार की ओर जा रहा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में टैंकर के चालक और परिचालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान गंभीर रूप से जख्मी चालक ने दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर अनियंत्रित होते ही पलट गया। हादसे में घायल चालक रविन्द्र कुमार पुत्र उदयवीर, निवासी कस्बा गुस्सान जनपद हाथरस और परिचालक गौरव निवासी अलीगढ़ को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहाँ इलाज के दौरान चालक रविन्द्र कुमार की मृत्यु हो गई।

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह राठी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल परिचालक गौरव को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक व अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
