प्रिंस शर्मा
मुरादाबाद (परिपाटी न्यूज़) क्षेत्र छजलैट के परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया कार्यक्रम डीएसएम इंटर कॉलेज, कांठ के क्रीड़ा मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक संगठन के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विकास क्षेत्र के लगभग 260 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने दौड़, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी सहित अन्य खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्राथमिक स्तर की 50 और 200 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर की 100 और 600 मीटर दौड़ में भी बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लंबी कूद और अन्य एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी खेल क्षमता का परिचय दिया। खो-खो प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों और टीमों को कार्यक्रम के अंत में पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। इस अवसर पर शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे कार्यक्रम का समापन खंड शिक्षा अधिकारी विकास कुमार के उद्बोधन के साथ हुआ। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
