मुनेश चन्द शर्मा
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बिजनौर के निर्देशानुसार ग्राम जमालुद्दीनपुर में डॉ. मोहम्मद ज़ुबैर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलीलपुर के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद स्तर से डॉ. प्रतीक किशोर (DSO) एवं सैय्यद अली शाकिर (एपिडेमियोलॉजिस्ट) ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का निरीक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। शिविर के दौरान कुल 126 मरीजों की स्वास्थ्य जाँच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। इनमें से 77 मरीजों की मलेरिया, डेंगू एवं टाइफाइड संबंधी जाँच की गई। राहत की बात यह रही कि जाँच किए गए सभी मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई।

इसके अतिरिक्त, ग्राम जमालुद्दीनपुर में मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण एवं मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से एंटीलार्वा दवा का छिड़काव भी कराया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को संक्रामक एवं मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा समय पर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना रहा। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. विवेक कुमार, विनीत कुमार, सलमान (लैब टेक्नीशियन), सीएचओ कामिनी एवं गगन कुमार (BCPM) उपस्थित रहे और शिविर के सफल संचालन में योगदान दिया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने, बीमारियों की समय पर पहचान करने तथा रोगों की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
