अभिषेक पाण्डेय
लखीमपुर खीरी (परिपाटी न्यूज) 143 कस्ता विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कारी बड़ेरी में हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया। आग की इस भयावह घटना में कई घर जलकर राख हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया।घटना की सूचना मिलते ही राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने प्रभावित लोगों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार एवं प्रशासन इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है।सुजीता कुमारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने और सरकारी

योजनाओं का लाभ शीघ्र दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आग से हुए नुकसान का जल्द आकलन कर नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इस दुखद अग्निकांड ने कई परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है। प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी पीड़ित परिवार को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।उन्होंने प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए क्षेत्रीय लोगों से भी अपील की कि वे पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं और मानवीय सहयोग प्रदान करें।इस दौरान पूर्व प्रधान सर्वेश कुमार भारती, सुरेश भार्गव, रामखिलावन, भारत प्रसाद, सुरेश चन्द, छोटे, रिंकू, अजय कुमार, रवि कुमार एवं तेजपाल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।