ब्लॉक बुढ़नपुर की अस्थायी गोशाला का भी किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
आकाश कुमार
बिजनौर(परिपाटी न्यूज़ )स्योहारा- जनपद बिजनौर के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. रण विजय सिंह ने ब्लॉक स्योहारा क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके नेतृत्व में ग्राम स्तर पर चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। चौपाल कार्यक्रम के दौरान सीडीओ ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके उपरांत सीडीओ ने ब्लॉक बुढ़नपुर की अस्थायी गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पशुओं के चारा, पानी, साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गोशाला में पशुओं की देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहे और नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख उज्ज्वल चौहान, खंड विकास अधिकारी विक्रम सिंह, एडीओ पंचायत अनिल कुमार चौहान, ग्राम विकास अधिकारी विपुल राजपूत सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सीडीओ को क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। मामला ब्लॉक बुढ़नपुर स्योहारा क्षेत्र का है, जहां प्रशासनिक सक्रियता से ग्रामीणों में भरोसा और उत्साह देखा गया।