Spread the love

अजमल अंसारी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर ,  आगामी ईद-उल-फितर के त्योहार को शांतिपूर्ण, सकुशल और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने के लिए थाना शिवाला कला पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। प्रभारी निरीक्षक लखपत सिंह ने आज क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम ढाकी और ग्राम रतनगढ़ स्थित ईदगाहों का स्थलीय निरीक्षण किया और वहां मौजूद व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।
भ्रमण के दौरान प्रभारी निरीक्षक लखपत सिंह ने दोनों गांवों की ईदगाह कमेटियों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने नमाज के समय उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर प्रवेश और निकास द्वारों, साफ- सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की। लखपत सिंह ने अपने मातहत पुलिसकर्मियों को कड़े निर्देश दिए कि नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था किसी भी सूरत में बाधित न हो और अकीदतमंदों को ईदगाह तक आने-जाने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए अपील की कि इस त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल के रूप में मनाएं। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें या अफवाहें फैलाने वालों और शांति व्यवस्था में खलल डालने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
ग्राम ढाकी और रतनगढ़ में पुलिस की इस सक्रियता और प्रभारी निरीक्षक के जमीनी निरीक्षण से स्थानीय जनता ने प्रशासन के प्रति गहरा विश्वास जताया है। रतनगढ़ ईदगाह पर जायजा लेने के दौरान पत्रकार शादाब प्रभारी निरीक्षक के साथ मौजूद रहे। वहीं, मौके पर रतनगढ़ निवासी ठेकेदार अनीस अहमद ने भी उपस्थित रहकर प्रभारी निरीक्षक के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा की और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस की इस मुस्तैदी और जन-संवाद की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *