Spread the love

दानिश कुरैशी, 

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज़) ईवा ड्रीम अकैडमी, ईदगाह रोड, ज्वालापुर में वार्षिक उत्सव (एनुअल फंक्शन) का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त अध्यापक एवं अध्यापिकाएँ, छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था, जिससे उत्सव का माहौल और भी मनमोहक हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मनमोहक श्रृंखला प्रस्तुत की। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक और समूह गान ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और मंच संचालन क्षमता ने सभी को प्रभावित किया।


प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिक समारोह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण अवसर है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों में छिपी प्रतिभा को मंच मिलता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में उन विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। प्रधानाचार्य की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को आकर्षक उपहार एवं प्रशस्ति चिन्ह प्रदान किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन की सराहना की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और व्यवस्था की सराहना की गई। वार्षिक समारोह ने न केवल बच्चों की प्रतिभा को उजागर किया, बल्कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत संबंधों को भी दर्शाया।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *