देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत 22 फरवरी 2026 (रविवार) को जनपद के सभी पदाभिहित स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे तथा नोटिस चरण में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करेंगे। सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण

अधिकारियों, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जनपद की आठों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक फॉर्म-6 के 1,04,035, फॉर्म-7 के 3,111 तथा फॉर्म-8 के 36,373 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवक-युवतियों के फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। साथ ही दावे-आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया में सहयोग के लिए अपने-अपने बूथ लेवल अभिकर्ताओं को सक्रिय रखें, जिससे एसआईआर कार्य में पारदर्शिता एवं गति बनी रहे। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वान्या सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार, भाजपा से धीर सिंह, सपा से अख़लाक़ अहमद उर्फ पप्पू, बसपा से मुहम्मद सिद्दीक तथा कांग्रेस से अनिल त्यागी एवं क़ाज़ी आतिफ़ उपस्थित रहे।