एसपी तंवर
बिजनौर (परिपाटी न्यूज), झालू। श्री रघुनाथा स्पोर्ट्स ट्रस्ट के तत्वावधान में जी आई ए स्कूल, झालू में क्रिकेट के अभ्यास मैचों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जी आई ए टीम झालू और डी डी पी एस क्रिकेट अकादमी, बिजनौर की टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

प्रथम मुकाबले में जी आई ए टीम 30 ओवर में ऑल आउट होकर 94 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ओम ने 15, आयु ने 20 और फैज़ ने सर्वाधिक 30 रन का योगदान दिया। डी डी पी एस की ओर से गेंदबाजी में आर्यन राजपूत, हार्दिक भारद्वाज और ओम वर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी डी पी एस क्रिकेट अकादमी बिजनौर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बिना कोई विकेट गंवाए मात्र 15 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। वंश अग्रवाल ने 47 और अंश कुमार ने 25 रन बनाए। दूसरे मुकाबले में डी डी पी एस टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 85 रन बनाए, जिसमें समर्थ धामा ने 41 और निशांत सिंह ने 10 रन का योगदान दिया। जवाब में जी आई ए टीम झालू लक्ष्य का पीछा करते हुए 65 रन ही बना सकी और 20 रन से मैच हार गई। टीम की ओर से शाद ने 20, जबकि सक्षम और ओम ने 10-10 रन बनाए। गेंदबाजी में हार्दिक भारद्वाज ने 3 तथा आर्यन राजपूत ने 2 विकेट लिए। प्रतियोगिता के अंत में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार वंश अग्रवाल और हार्दिक भारद्वाज को वरिष्ठ स्वास्थ्य विभाग अधिकारी योगेश कुमार द्वारा प्रदान किया गया। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।