देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम संरक्षित स्ट्रांग रूम का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भूतल स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर लगे सील्ड ताले खुलवाकर विधानसभा वार सुरक्षित रखी गई ईवीएम मशीनों की जांच की गई। ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा उपाय, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया, जो पूरी तरह सुचारू एवं मानक अनुरूप पाई गईं। इसके बाद झंडापुर स्थित वीवीपैट वेयरहाउस का विस्तृत निरीक्षण किया गया। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के वीवीपैट कक्षों की सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई एवं

रखरखाव की समीक्षा की गई। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुसार संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के दौरान ईवीएम के रखरखाव एवं सुरक्षा को लेकर उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वान्या सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार, भाजपा से धीर सिंह, सपा से अख़लाक़ अहमद उर्फ पप्पू, बसपा से मुहम्मद सिद्दीक तथा कांग्रेस से अनिल त्यागी एवं क़ाज़ी आतिफ़ उपस्थित रहे।