देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में विकास खंड मोहम्मदपुर देवमल के ग्राम फरीदपुर मान में “गांव की समस्या–गांव में समाधान” कार्यक्रम के अंतर्गत अपराह्न 1:00 बजे ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और मौके पर मौजूद अधिकारियों के माध्यम से उनके समाधान के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया कि स्वच्छ पेयजल मिशन के अंतर्गत प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत घरों में मानक एवं गुणवत्ता के अनुसार जल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। विकास कार्यों के सत्यापन के दौरान गांव के दो आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक एवं उच्च विद्यालय, सीसी रोड निर्माण आदि कार्य मानक के अनुरूप पूर्ण पाए गए। ग्रामीणों ने वृद्धावस्था, दिव्यांगजन एवं निराश्रित महिला पेंशन नियमित रूप से मिलने की जानकारी दी। गांव में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत 496 राशन कार्ड और सात अंत्योदय कार्डधारक पाए गए। कुछ लाभार्थियों द्वारा नाम कटने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि सक्षम स्तर से मिलान कर कारणों की जांच की जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक

व्यक्ति एवं सभी अंत्योदय कार्डधारकों के आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत बनाए जाएं। साथ ही विधवा, दिव्यांग एवं निराश्रित पेंशन के पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें सभी शासकीय योजनाओं से संतृप्त किया जाए। खंड विकास अधिकारी को आवास एवं शौचालय की मांग करने वाले नए पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। हैंडपंपों से पीला पानी आने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल सभी हैंडपंपों की रिबोरिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने गांव को ओडीएफ, स्वच्छता एवं विकास के मानकों पर खरा उतरने पर बधाई देते हुए इसे मॉडल गांव के रूप में विकसित करने का आह्वान किया। ग्रामीणों द्वारा ग्राम समाज एवं अन्य सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाए जाने पर कब्जा मुक्त कराने के साथ संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शासकीय योजनाओं से वंचित पात्र ग्रामीणों को संतृप्त करने के लिए विभागीय कैंप आयोजित करने का आश्वासन भी दिया गया। कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने ग्राम स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं सुचारू पाई गईं। उन्होंने बच्चों से प्रश्न पूछे, जिनके संतोषजनक उत्तर मिले। अंत में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन पेयजल टंकी का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मोहम्मदपुर देवमल राजवीर सिंह, नायब तहसीलदार सदर सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।