देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद बिजनौर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में जिले में चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से कड़े कदम उठाए हैं। देर शाम एसडीएम सदर रितुरानी एवं सीओ सिटी संग्राम सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चाइनीज मांझे के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों का गहन निरीक्षण किया गया। जांच में किसी भी दुकान पर चाइनीज मांझे की बिक्री नहीं पाई गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा

बेचते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए गए कि दुकानों पर केवल मानक एवं सुरक्षित सूती मांझा ही बेचा जाए। उन्होंने यह भी चेताया कि प्रतिबंधित मांझा मिलने पर दुकान सील करने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है। इस दौरान शहर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी भी मौजूद रहे। एसडीएम सदर रितुरानी और सीओ सिटी संग्राम सिंह ने आम जनता से अपील की कि वे चाइनीज मांझे का उपयोग न करें तथा इसकी अवैध बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे संभावित हादसों को रोका जा सके। एसडीएम रितुरानी ने बताया कि यह अभियान शासन के निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी हाल में चाइनीज मांझे की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।