Spread the love

अजमल अंसारी

बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर। नगर पालिका परिषद चांदपुर द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सख्त अभियान चलाया गया। बुधवार को नगर क्षेत्र में पुलिस बल के सहयोग से बड़े पैमाने पर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह अभियान अपराह्न 3:30 बजे शुरू हुआ, जो नगर पालिका कार्यालय से लेकर बिजनौर रेलवे फाटक तक चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के समय कई दुकानदारों और ठेले वालों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटवाया गया, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 22,450 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।  इस अभियान का नेतृत्व अधिशासी अधिकारी के निर्देशन में किया गया। मौके पर नगर पालिका के राजस्व एवं खाद्य

निरीक्षक श्री मनोज सिंह, निर्माण लिपिक श्री नफीस, सहित अन्य कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो रहा था, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि दोबारा अवैध कब्जा किया गया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण न करें और शहर को स्वच्छ, सुंदर व सुगम बनाने में सहयोग करें। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी सुचारू हो गई।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *