नसीम अंसारी
हरिद्वार (परिपाटी न्यूज़) अभिनेत्री उर्मिला सनावर को देहरादून से पुलिस टीम हरिद्वार लेकर पहुंची, जहां गठित एसआईटी ने उनसे करीब छह घंटे तक गहन पूछताछ की। लंबी पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर ने मीडिया के सामने आकर कहा कि एसआईटी ने उनसे जो भी सवाल किए, उनके सभी जवाब उन्होंने पूरी स्पष्टता के साथ दिए हैं। और उनके पास मौजूद हर जानकारी जांच टीम के साथ साझा की गई है। ऑडियो रिकॉर्डिंग मामले को लेकर उर्मिला ने बताया कि संबंधित ऑडियो और उससे जुड़ी पूरी जानकारी भी एसआईटी को सौंप दी गई है। अन्य सबूतों के सवाल पर उर्मिला ने कहा कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और भाजपा नेता दुष्यंत गौतम एक-दूसरे के बेहद करीबी दोस्त हैं। और कई जानकारियां उन्हीं के पास होंगी। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उर्मिला ने कहा कि वह खुद अंकिता के परिवार से मिलने जाएंगी और इस लड़ाई में वह पूरे देश के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं। वहीं स्वामी दर्शन भारती को लेकर उर्मिला ने स्पष्ट किया कि वह

देहरादून तक उनके साथ जरूर आई थीं, लेकिन स्वामी ने जांच में क्या बयान दिया है। इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच में एसआईटी ने तेजी लाते हुए नामजद उर्मिला सनहावर से कई घंटे तक पूछताछ की। हरिद्वार एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि उर्मिला जांच टीम के समक्ष पेश हुईं, जहां उनसे मामले से जुड़े अहम बिंदुओं पर विस्तार से सवाल किए गए।एसएसपी ने बताया कि उर्मिला के मोबाइल फोन को सीज करने की कानूनी प्रक्रिया फिलहाल पूरी नहीं हो सकी है, जिसे कल न्यायालय के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान उर्मिला ने जांच में सहयोग किया है और एसआईटी हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है ताकि मामले में सच्चाई सामने आ सके।